प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को रीवा में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित पंचायती राज सम्मेलन में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में PM मोदी 17,000 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखी साथ ही 7853 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ भी किया।पीएम मोदी ने तीन ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी भी दिखाई।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने करीब आधे घंटे तक संबोधन दिया। सम्बोधन में पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं साथ कांग्रेस को भी जमकर निशाने पर लिया। आइये जाने पीएम के सम्बोधन की बड़ी बातें जिसमें PM मोदी ने की 'डबल इंजन' सरकार की ब्रांडिंग और किस तरह मिशन MP पर रहा पीएम मोदी का फोकस-
टारगेट पर कमलनाथ-कांग्रेस
मैं कई बार सोचता हूं कि छिंदवाड़ा के जिन लोगों पर आपने लंबे समय तक भरोसा किया, वे आपके विकास को लेकर, इस क्षेत्र के विकास को लेकर इतने उदासीन क्यों रहे। इसका जवाब कुछ राजनीतिक दलों की सोच में है। आजादी के बाद जिस दल ने सबसे ज्यादा सरकार चलाई, उसने ही गांवों का भरोसा तोड़ दिया। कांग्रेस शासन के दौरान गांवों को निचले पायदान पर रखा गया। गांवों के साथ इस तरह का सौतेला व्यवहार कर देश आगे नहीं बढ़ सकता।
गांवों से अन्याय को बनाया मुद्दा
पहले की सरकारों ने गांवों के साथ बड़ा अन्याय किया। गांवों पर पैसा खर्च करने से बचती थीं। गांव अपने आप में कोई वोट बैंक तो था ही नहीं, इसीलिए उन्हें नजरअंदाज किया जाता था। हमारी सरकार ने गांवों के विकास के लिए तिजोरी खोल दी। 2014 से पहले पंचायतों के लिए वित्त आयोग का अनुदान 70 हजार करोड़ से भी कम था। 2014 के बाद यह अनुदान 70 हजार से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया। 2014 से पहले के 10 साल में केंद्र सरकार की मदद से 6 हजार के आसपास पंचायत भवन बनवाए गए थे। हमारी सरकार ने 8 साल के अंदर 30 हजार से ज्यादा नए भवन बनवा दिए हैं।
डबल इंजन सरकार
छिंदवाड़ा - नैनपुर - मंडला फोर्ट रेल लाइन के बिजलीकरण से इस क्षेत्र के लोगों की दिल्ली, हावड़ा, मुंबई तक कनेक्टिविटी और आसान हो जाएगी। इसका बड़ा लाभ आदिवासी भाई- बहनों को होगा। छिंदवाड़ा - नैनपुर के लिए नई ट्रेनें शुरू होने से कई कस्बे और गांव अपने जिला मुख्यालय छिंदवाड़ा और सिवनी से सीधे जुड़ जाएंगे। नागपुर और जबलपुर जाना आसान हो जाएगा। रीवा - इतवारी ट्रेन चलने से सिवनी और छिंदवाड़ा सीधे नागपुर से जुड़ जाएंगे। रेल कनेक्टिविटी यहां पर्यटन और रोजगार बढ़ाएगी। इसका बढ़ा लाभ यहां के किसान, स्टूडेंट्स, छोटे कारोबारियों, दुकानदार को होगा। डबल इंजन की सरकार ने खुशियां डबल कर दीं।