बीती रात महू में आदिवासी युवती की मौत के बाद बवाल और पुलिस से हिंसक झड़प में एक मौत की गूंज मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कार्यवाही में भी सुनाई दी । नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने महू में आदिवासी युवती की मौत का मामला उठाया। इससे पहले सदन के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, घटना पूरे मप्र के लिए बड़ा कलंक है। 18 साल में भाजपा सरकार ने यह हासिल किया है कि मध्यप्रदेश को आदिवासी अत्याचार के 13 मुकुट मिले हैं। बाकी 5 बार प्रदेश दूसरे नंबर पर रहा है। यह एनसीआरबी की रिपोर्ट है।
उल्लेखनीय है कि इंदौर के महू में आदिवासी युवती की मौत के बाद बवाल हो गया। लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। इस पूरे बवाल में बडगोंदा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर समेत 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आईजी आर. गुप्ता कहा- पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मामला महू के बडगोंदा थानाक्षेत्र का है। घटना पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- दो बातें सामने आ रही हैं। उसके साथ बिटिया रहती थी।
पानी गर्म करने वाली रॉड से करंट लगने से युवती की मौत होने की बात सामने आई है। उधर, युवती के परिवार ने जिस पर हत्या का आरोप लगाया, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। भीड़ थाने पहुंच गई और आरोपी को हवाले करने की मांग कर पथराव कर दिया। बीच-बचाव में गोली चली।
मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना पर पूर्व मंत्री और महेश्वर से विधायक विजयलक्ष्मी साधौ बोलीं- गृहमंत्री ने लड़की का चरित्र चित्रण पहले से कर दिया। लड़की की मां सीधे-सीधे आरोप लगा रही है कि उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। हत्या के बाद उसका अंतिम संस्कार आज सुबह 6.30 से 7 बजे के बीच पुलिस की कस्टडी में हुआ। मध्यप्रदेश विधानसभा में आज सप्लीमेंट्री बजट पर चर्चा होना है। स्पीकर गिरीश गौतम ने इसके लिए डेढ़ घंटे का समय नियत किया है।
मजिस्ट्रिीयल जांच के आदेश
युवती की संदिग्ध अवस्था में मौत के बाद डोंगरगांव पुलिस चौकी पर बीती रात पुलिस और आदिवासी समाज के आमने-सामने आने व तनाव भड़कने के मामले में प्रशासन तेजी से कार्रवाई में जुटा है। इस बवाल के बढ़ता देख पुलिस ने लाठी चार्ज, 20 से अधिक अश्रु गैस के गोले छोड़े और लगातार हवाई फायर किए थे। फायरिंग में गोली लगने से 18 वर्षीय भेरूलाल की मौत हो गई। अब कलेक्टर इलैया राजा टी ने इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में धारा 144 लगा दी है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
घटना में कुल 20 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, इसमें टीआई ज्यादा घायल है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस को राजनीति नहीं करना चाहिए। आरोप है कि युवती से बलात्कार के बाद क्षेत्र के दबंगों ने हत्या कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवती की मौत करंट लगने से हुई है। आदिवासियों ने युवती की मौत के बाद सड़क पर उसका शव रख चक्काजाम किया।
कांग्रेस ने बनाई जांच समिति : कांग्रेस ने कहा है कि महू के पास आदिवासी युवती की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या की गई है। इसके चलते बड़गोंदा की डोंगरगांव चौकी पर पुलिस और आदिवासियों में हुए संघर्ष और गोली से एक आदिवासी की मृत्यु हो गई। मामले में पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर काग्रेस के आदिवासी विधायकों का दल घटनास्थल पर जांच के लिए रवाना हो गया है। जांच दल में कांतिलाल भूरिया, बाला बच्चन, झूमा सोलंकी और पाचीलाल मेड़ा शामिल हैं। इंदौर के प्रभारी महेंद्र जोशी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।