प्रदेश की सियासत में मंगलवार एक फोन कॉल चर्चा का विषय बन गया। इस फोन कॉल ने कांग्रेसी खेमे में हलचल पैदा कर दी है। यह कॉल डिंडौरी ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेन्द्र बिहीरी शुक्ला का है जो उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को किया। इस कॉल के बाद प्रदेश में दलबदल की एक और कहानी सामने आ सकती है।
दरअसल डिंडौरी ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेन्द्र बिहीरी शुक्ला को कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिया है। इतना ही नहीं उन्हें कांग्रेस से निष्कासित भी कर दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
इस चिंता के कारण ही वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला ने मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को फोन करके मदद मांगी है। अपनी आपबीती सुनाते सुनाते शुक्ला फोन पर ही रोने लग गए। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फोन पर शुक्ला को न सिर्फ सांत्वना दी बल्कि पूरी सुरक्षा का भरोसा भी दिया।
फोन पर बात करते हुए वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला से गृहमंत्री ने कहा आप रोओ नहीं आपको पूरी सुरक्षा दी जायेगी।
एमपी कांग्रेस में ज़िला अध्यक्ष को हटाए जाने के विवाद में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की एंट्री के बाद यह माना जा रहा है कि शुक्ला अब पाला बदल सकते हैं और बीजेपी में उनकी एंट्री तय मानी जा रही है।