मध्यप्रदेश को दस दिन बाद अब दूसरी व तीसरी वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है। दोनों ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान एक ट्रेन इंदौर और दूसरी जबलपुर के लिए रवाना होगी। इस कार्यक्रम की तैयारियां जारी हैं। तमाम अफसर इस पर नजर रखे हुये हैं। यह ट्रेनें रानी कमलापति टू इंदौर और रानी कमलापति टू जबलपुर के लिए चलेगी। हालांकि रेलवे ने अभी ट्रेनों का शेड्यूल जारी नहीं किया है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 अप्रैल 2023 को रानी कमलापति- हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।

प्लेटफॉर्म 1 व 2 पर तैयारियां रेलवे अधिकारियों के मुताबिक भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1 व 2 पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होगा। इसमें एक ट्रेन प्लेटफॉर्म 1 से इंदौर के लिए रवाना होगी। वहीं, दूसरी ट्रेन प्लेटफॉर्म 2 से जबलपुर के लिए रवाना होगी। इसे लेकर डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय लगातार दो दिन से रानी कमलापति स्टेशन पर तैयारियों का जायजा भी ले रहे हैं। अिधकारियों के साथ बैठक के बाद ट्रेन के रूट और समय तय किया गया है। जबलपुर से भोपाल के बीच चलने वाली वंदेभारत ट्रेन सुबह साढ़े नौ बजे भोपाल से रवाना होगी और दोपहर 2 बजे जबलपुर पहुंचेगी। जबलपुर से यह ट्रेन दोपहर ढाई बजे वापस भोपाल के लिए रवाना होगी। हालांकि अभी तक दोनों ही ट्रेनों का किराया तय नहीं किया गया है।

चार स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज

भोपाल से जबलपुर जाने वाली वंदेभारत ट्रेन को सिर्फ चार रेलवे स्टेशनों पर ही रोका जाएगा । इनमें नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशन हैं। हालांकि रेलवे बोर्ड से अभी सिर्फ तीन स्टेशनों के नाम तय हुए हैं, जिनमें इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर शामिल हैं। होशंगाबाद स्टेशन में भी वंदेभारत ट्रेन को रोका जाना है। ट्रेन चलने की स्वीकृति मिलते ही जबलपुर रेल मंडल ने इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।