भोपाल: राज्य सरकार निजी चार्टर कंपनियों एवं आपरेटरों से एक साल के लिये उनके प्लेन एवं हेलीकाप्टर किराये पर लेने के लिये एमपेनलमेंट करेगी। इसके लिये निजी कंपनियों से किराये की दरें आमंत्रित की गई हैं जो 24 मार्च को खोली जायेंगी।

एमपेनलमेंट हेतु जारी टेण्डर में शर्त रखी गई है कि प्लेन या तो डब्ल इंजन जेट हो या प्रापुलर वाला हो तथा वह 7 वीआईपी को ले जाने में सक्षम हो। हेलीकाप्टर भी डबल इंजन का हो जो 5/6 यात्री को ले जा सके। दोनों तरह के विमान एयर कंडीशन्ड हों। विमान के पायलट एवं तकनीकी स्टाफ को प्रति नाईट दस हजार रुपये का भुगतान किया जायेगा। वर्ष 2012 के बाद मेनुफक्चर्ड हुये विमानों को किराये पर लेने हेतु प्राथमिकता दी जायेगी। विमान बुलाने पर यदि वह ग्राउण्ड पर ही रहता है तो न्यूनतम दो घण्टे का भुगतान आवश्यक रुप से किया जायेगा भले ही वह किसी यात्री को लेकर उड़ा ही न हो।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार हर साल निजी कंपनियों का एमपेनलमेंट करती है तथा वर्तमान में एमपेनल में चल रही निजी कंपनियों का ठेका 31 मार्च 2023 को खत्म हो रहा है। चूंकि वर्ष 2020 में लिया गया स्टेट प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है तथा नया जेट प्लेन खरीदने की प्रक्रिया जारी है, इसलिये राज्य सरकार तब तक किराये के प्लेन एवं हेलीकाप्टर उपयोग करेगी।

नये फीचर वाला नया स्टेट जेट प्लेन खरीदने का ईओआई जारी-

राज्य सरकार ने नया स्टेट जेट प्लेन खरीदने के पहले जारी दो टेण्डर निरस्त करने के बाद अब नया एक्सप्रेशन ऑफ इन्ट्रेस्ट जारी कर दिया है तथा इस ईओआई में कई नवीन फीचर जोड़े गये हैं। विमान निर्माताओं से आगामी 27 मार्च तक अपने विवरण देने के लिये कहा गया है। इस तिथि के बाद राज्य सरकार नये सिरे से तीसरा टेण्डर यानि रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी करेगी जिसमें से जेट प्लेन निर्माता कंपनी का चयन किया जायेगा।

ये रहेंगे नये फीचर: अब आठ की बजाये दस यात्रियों को ले जाने की सुविधा रखना होगी जिसमें दो पायलट अलग से हों। प्लेन निरन्तर 1 हजार की बजाये 2 हजार नोटीकल माईल उडऩे की क्षमता रखता हो। प्लेन ऐसा हो जो 5 हजार फीट वाली एयर स्ट्रीप पर भी लैंड हो सके एवं टेकऑफ कर सके यानि छोटी हवाई पट्टियों पर भी उतर एवं उड़ सके। प्लेन में आटो थ्रोटल एवं आटो ब्रेक की व्यवस्था हो। प्लेन में एक वेक्युम टायलेट हो।