उज्जैन में महाकाल रोक की तर्ज़ पर अब और ओरछा में राजा राम लोक और चित्रकूट में वनवासी राम लोक बनाया जाएगा। यह ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को निवाड़ी में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए किया। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी इस मौके पर मौजूद थे।
निवाड़ी में ₹6800 करोड़ की लागत से 18 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने आये केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस मौके परओरछा को अयोध्या से जोड़ने का एलान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या को चित्रकूट,जनकपुर से जोड़ा जा रहा है, उसी तरह मैं घोषणा करता हूं कि ओरछा को भी अयोध्या से जोड़ा जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ओरछा में 520 करोड़ की लागत से 18 किमी फोरलेन ग्रीनफील्ड बायपास का निर्माण किया जा रहा है। इसके बनने से झांसी, ललितपुर, सागर खजुराहो की कनेक्टिविटी अच्छी हो जाएगी। इससे एक घंटे का समय बच जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में सांस्कृतिक भारत का निर्माण हो रहा है। अलग-अलग मंदिरों का निर्माण हो रहा है। अयोध्या में मंदिर का निर्माण, काशी में काशी कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल महालोक बन रहा है। रामराजा सरकार के दरबार में भव्य व दिव्य विकास होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि केन और बेतवा को रु.44 हजार करोड़ की लागत से जोड़कर संपूर्ण बुंदेलखण्ड के खेतों की प्यास बुझाने का काम हम करेंगे। आने वाले समय में हमारा बुंदेलखण्ड फसलों के उत्पादन के मामले में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगा।