रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से दो वंदे भारत एक्सप्रेस चलनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दोनों ही ट्रेनों को 27 जून को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। इस कार्यक्रम की तैयारियों को देखते हुए 24 जून को रात 10 बजे भोपाल एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद से ही रानी कमलापति स्टेशन के एक नंबर गेस्ट से आवागमन बंद कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था 27 जून तक लागू रहेगी। इस दौरान स्टेशन पर आने वाले यात्री को प्लेटफार्म पांच से प्रवेश करना होगा।
300 से अधिक स्कूली बच्चे होंगे शामिल
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से जिन दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को 27 जून को हरी झंडी दिखाई जानी है, उसके कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर है। इधर कार्यक्रम के लिए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म- 1-1 व 2 पर विशेष तैयारियां की जा रही है। टेंट लगाने का काम शुरू कर दिया है। इस दिन दोनों प्लेटफार्मों से चलने वाली ट्रेनों के परिचालन में बदलाव करने की तैयारियां पूरी कर ली गई है।
प्लेटफार्म - एक की ओर स्टेशन के मुख्य द्वार से लेकर मंच के आसपास एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी सजावट का काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि स्टेशन को सजाने के लिए प्लेटफार्म नंबर एक और दो के दोनों और फूलों की लंबी मालाएं लगाई जाएगी। इसके अलावा एक नंबर प्लेटफार्म पर वंदे भारत एक्सप्रेस के कोचों प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए स्कूली बच्चों को चिन्हित किया जा रहा है। अलग-अलग स्कूलों से 300 से अधिक स्कूली बच्चों को सफर करने का मौका मिल सकता है। प्रधानमंत्री इन बच्चों से संवाद भी कर सकते हैं।