भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली महिला से घर में घुसकर दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। दरअसल, आरोपी पीड़िता के साथ स्कूल में पढ़ता था और उसे ब्लैकमेल कर उसका दैहिक शोषण कर रहा था। उसने पीड़िता का वीडियो भी बना लिया था। उक्त वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उससे संबंध बना रहा था।

वीडियो डिलीट करने की बात पर उसने पीड़िता से झूमाझटकी की और उसका सिर दीवार पर दे मारा। पुलिस ने बताया कि कोहेफिजा इलाके में रहने वाली 33 साल की महिला के दो बच्चे हैं। उसके साथ स्कूल में पढ़ने वाले उसके सीनियर रिहान से उसकी दोस्ती थी। दोस्ती बढ़ने पर वर्ष 2008 में रिहान और पीड़िता के बीच शारीरिक संबंध बन गए। वर्ष 2010 में पीड़िता की शादी हुई और वह अपने पति के साथ रहने लगी।

लॉकडाउन के समय आरोपी रिहान ने पीड़िता का मोबाइल नंबर कहीं से अरेंज कर लिया और उसे परेशान करने लगा। वह पीड़िता को कहता था कि उसका पुराना कोई वीडियो उसके पास है और वह पति को उक्त वीडियो दिखाकर उसका तलाक करा देगा। इसके बाद आरोपी उसके घर पहुंचकर उससे शारीरिक संबंध बनाने लगा। रविवार रात भी आरोपी पति की गैरमौजूदगी में पीड़िता के घर पहुंचा था। वहां उसने पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता ने उससे मोबाइल पर वीडियो डिलीट करने के लिए मोबाइल मांगा तो आरोपी भड़क गया और उससे मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने उसका सिर दीवार पर पटक दिया। इस बीच पति भी घर पहुंच गया और उसने पत्नी को आरोपी से बचाया और पड़ोसी की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया ।