मध्यप्रदेश के 19 नगरीय निकायों में चुनाव नतीजे सामने आ गए हैं। भाजपा को 11 पर और कांग्रेस को 8 निकायों में जीत मिली है। 19 निकायों में सबसे चर्चित  राघौगढ़ में भाजपा उलटफेर करने में कामयाब नहीं हो सकी। इस तरह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ में कमल खिलाने का भाजपा का सपना अधूरा ही रह गया। 

मंगलार को घोषित चुनाव नतीजों में 4 नगर पालिका व 7 नगर परिषद में भाजपा का कब्जा हुआ। वहीं राघौगढ़ और पीथमपुर नगर पालिका के साथ 6 नगर परिषद में भी कांग्रेस को सफलता हासिल हुई है। 

19 नगरीय निकायों में से छह नगर पालिका के चुनाव में भाजपा को चार और कांग्रेस को दो नगर पालिकाओं में बहुमत हासिल हुआ। वहीं 13 नगर परिषदों में से कांग्रेस को सात और भाजपा को छह में जीत मिली।  

सबसे ज्यादा चर्चित राघौगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस ने 16 वार्डों में जीत हासिल की है जबकि भाजपा को 8 वार्डों में जीत मिली है। यहां पर कुल 24 वार्डों के लिए मतदान हुआ था।  धार जिले के पीथमपुर नगर पालिका में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। 

वहीं ओंकारेश्वर के 15 वार्ड में से 9 में भाजपा तो 6 में कांग्रेस जीती है। बड़वानी के 24 वार्डों में से 14 पर भाजपा और 10 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।  बड़वानी नगरपालिका सीट पर पिछली बार कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। गौरतलब है कि 6 नगर पालिका और 13 नगर परिषद के लिए 20 जनवरी को वोट डाले गए थे। इन चुनावों में 67 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।