भोपाल: राज्य का वन विभाग अपने लघु वनोपज संघ के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्राहकों को साड़ी, जूते-चप्पल, छाता एवं पानी की बॉटल बांटने में कुल 261 करोड़ 69 लाख रुपये व्यय करेगा। संग्राहक के 15 लाख 24 हजार परिवारों को 285 रुपये वाली पानी की बोतल एवं 200 रुपये वाला छाता दिया जायेगा जबकि परिवार के एक पुरुष को 291 रुपये का जूता एवं एक महिला को 195 रुपये की चप्पल दी जायेगी जबकि परिवार की सभी 18 लाख 21 हजार महिला सदस्यों को 402 रुपये वाली साड़ी वितरित की जायेगी। जीएसी, परिवहन एवं वितरण पर 40 करोड़ 51 लाख रुपये व्यय किये जायेंगे।
लघु वनोपज संघ ने उक्त प्रस्ताव अपने संचालक मंडल में पारित करा लिया है। इन सामग्रियों की खरीदी लघु उद्योग निगम के माध्यम सें की जायेगी तथा प्रत्येक सामग्री का प्रदय पूर्व एवं प्रदाय पश्चात परीक्षण किया जायेगा। सामग्री के शीघ्र प्रदाय के लिये प्रदेश की जिला यूनियनों को चार समूहों में बांटा जायेगा तथा एक सप्लायर को अधिकतम दो समूहों हेतु प्रदाय एजेन्सी बनाया जा सकेगा। सामग्री के क्रय हेतु लघु उद्योग को पत्र जारी कर दिया गया है।
योजना का नया नामकरण होगा :
आगामी मई माह तक उक्त सामग्रियों को तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बांटने के लिये इस योजना का नया नामकरण किया जायेगा। वर्ष 2018 में इस योजना का नाम चरण पादुका योजना रखा गया था।
रिटायर्ड आईएफएस को बनाया सलाहकार :
लघुवनोपज संघ ने उक्त सामग्रियों की खरीदी एवं वितरण हेतु रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी भागवत सिंह को छह माह के लिये सलाहकार बनाने की स्वीकृति दे दी है। भागवत सिंह वर्ष 2017 से लघु वनोपज संघ के अपर प्रबंध संचालक पद पर पदस्थ थे और हाल ही में रिटायर हुये हैं। वे मूलत: अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक थे। वर्ष 2018 में उनके माध्यम से ही चरण पादुका योजना का सफलता के साथ क्रियान्वयन किया गया था।