देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने वाले आतंकी सरफराज मेमन को इंदौर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध आतंकी सरफराज को गिरफ्तार किया गया है.

इस गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए एमपी के गृह मंत्री नर्रोतम मिश्रा ने एक ट्विट शेयर करते हुए लिखा कि NIA के इनपुट के आधार पर इंदौर पुलिस ने सरफराज मेमन को हिरासत में लिया है. पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है. शांति के टापू मध्य प्रदेश में कानून का राज है और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा.

बता दें कि एनआईए की रिपोर्ट में बताया गया कि सरफराज पाकिस्तान और हांगकांग से ट्रेनिंग लेकर भारत आया है और वह बड़े हमले की फिराक में है.

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की पूछताछ में सरफराज ने बताया है कि वो 12 साल हांगकांग में रहकर आया है. 

हालांकि, एजेंसियों को अभी तक किसी तरह के टेरर लिंक से उसका नाम जुड़ा नहीं मिला है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसी सरफराज से सख्ती से पूछताछ करने में जुट गई है.