ओले पानी से मची तबाही के बीच आज सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बात की तथा नुकसान की जानकारी दी है। आज वे सागर और विदिशा में प्रभावित खेतों का मुआयना कर रहे हैं। सीएम ने कहा हर खेत तक पहुंचना संभव नहीं है, लेकिन हर जिले, हर गांव और हर किसान की चिंता करूंगा तथा किसानों से बातचीत भी करूंगा। शिवराज ने किसानों को भी भरोसा दिलाया है कि सरकार उनके साथ खड़ी है और हर संकट से बचाकर ले जाएगी। सरकार राहत राशि व किसान फसल बीमा का लाभ भी पीड़ितों को दिलाएगी। इसके लिये सर्वे किया जा रहा है और पूरा आकलन करने के बाद हरसंभव मदद दी जायेगी। बताया जाता है कि अभी 27 जिलों में प्रारंभिक नुकसान सामने आया है।
बादलों का कारवां अब चंबल की ओर
वेदर डिस्टर्बेस की वजह से 23-24 मार्च को फिर एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इसका असर ग्वालियर-चंबल संभाग में होगा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेश के कई शहरों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इधर, मौजूदा सिस्टम से आज भी शहरों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
कई जिलों में हालात खराब, रायसेन में तड़के ओले गिरे
उधर मप्र के कई जिलों में ओलावृष्टि और बारिश से हालात खराब हैं। बड़ामलहरा, राजगढ़ और सागर में जमकर ओले गिरे हैं। सागर में तो खेतों और सड़क पर सफेद चादर जैसी बिछ गई। मुरैना के अंबाह में बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। पति-पत्नी झुलस गए। रायसेन में औबेदुल्लागंज जोड़ के पास युवक बिजली • गिरने से मौत हो गई। इंदौर समेत मालवा-निमाड़ में भी बारिश हुई। भोपाल में देर रात तक पानी गिरा । रायसेन जिले में रात 2.30 बजे तेज बारिश के साथ चने के बराबर ओले गिरे ।