भाजपा में मची उथल पुथल व बेचैनी के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दूर व शांत सैलानी टापू पर रात बिताई, माना जा रहा है कि वे कुछ सरकारी कामकाज का जायजा लेने के अलावा भाजपा के भावी रोडमैप पर भी चिंतन कर रहे हैं तथा पार्टी के कुछ नेताओं से संपर्क व संवाद भी कर रहे हैं।
दरअसल अठारह साल से सत्ता पर काबिज भाजपा को छह महीने बाद चुनाव में जाना है। कुछ समय पहले भी जब राजधानी में कुछ राजनीतिक हलचले व अनसोची मुलाकातों के दौर चले थे, तब शिवराज पचमढी चले गये थे। वे ओंकारेश्वर में सैलानी टापू पर आज रात भी रूकेंगे और कल भोपाल लौटेंगे। दरअसल भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी कांग्रेस में जाने के हठ पर हैं, उनके साथ कुछ और नेताओं के नाम भी उभर रहे हैं।
https://twitter.com/CMMadhyaPradesh/status/1654393421300396032?s=20
उधर पार्टी के भीतर चंबल से बालाघाट तक रूठे नेताओं के मनाने के प्रयास हो रहे हैं, हर बूथ पर संपर्क व संवाद कार्यक्रम चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो शिवराज दो दिन भाजपा के नेताओं को 'राजप्रसाद' बांटने व कैबिनेट में बदलाव या विस्तार पर भी विचार करेंगे। यह काम भाजपा जून तक करने की कोशिश में है क्योंकि इसके बाद चुनाव बहुत करीब आ चुके होंगे।
इधर बीती शाम परिवार के साथ ओंकारेश्वर पहुंचने के बाद शिवराज ने सर्किट हाउस में भाजपा नेता व सांसद- विधायकों से चर्चा की। इस दौरान सीएम शिवराज ने वो वाकया बताया कि, कैसे उनके मन में ख्याल आया आदिगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापित की जा सके। उन्होंने कहा कि, नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान विचार आया कि शंकराचार्य की आदमकद प्रतिमा लगना चाहिए। साथ ही अध्ययन केंद्र खोला जाए, ताकि हर कोई शंकराचार्य अद्वैत वेदांत जैसे ब्रह्मसूत्र का अध्ययन कर सकें। आज वे इस प्रतिमा स्थापना के कार्य का भी जायजा लेंगे।
सीएम शिवराज आज रात भी सैलानी टापू पर रात्रि विश्राम करेंगे। माना जा रहा है कि शाम को कुछ नेताओं को चर्चा के लिए बुला सकते हैं।