मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लंदन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में पेगासुस को लेकर दिए राहुल गांधी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। सीएम शिवराज ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के डीएनए में पेगासुस घुस गया है। पेगासुस फोन में नहीं राहुल गांधी के दिमाग में है। 

सीएम शिवराज ने आगे कहा कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी की अपने देश में कोई सुन नहीं रहा तो वो बाहर जाकर अनर्गल बातें कर रहे हैं। मुझे तरस आता है इनकी बुद्धि पर..ये विदेश की धरती पर जाकर हमारे देश के खिलाफ बयानबाजी करते हैं।

शिवराज ने आगे कहा कि कांग्रेस का नया एजेंडा है विदेश में भारत को बदनाम करो। देश में नहीं चल रही है..कांग्रेस साफ होती जा रही है। देश  की कीर्ति और प्रतिष्ठा चारों तरफ बढ़ रही है दुनिया में, पूरी दुनिया के राष्ट्र प्रमुख कहते हैं कि मोदी जैसा कोई नहीं। नरेंद्र मोदी जी भारत में भगवान का वरदान हैं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में अपने लेक्चर में कहा था कि भारत में बड़े पैमाने पर  विपक्षी नेताओं की जासूसी की गई है और इसके लिए पेगासस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके और कई विपक्षी नेताओं के फोन में पेगासस स्पाइवेयर था और खुफिया विभाग के अधिकारियों ने खुद उन्हें कहा था कि बातचीत के दौरान वे सावधान रहें क्योंकि उनकी बातें रिकॉर्ड हो रही है। राहुल गांधी के इस बयान पर काफी विवाद हो रहा है।