वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में पेश किए गए आम बजट को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक साथ मीडिया से चर्चा की। प्रदेश में भाजपा की सत्ता के चेहरे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और संगठन के मुखिया वीडी शर्मा ने दोनों ने एक मंच से बजट को बताया सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी बताया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मीडिया से चर्चा में कहा कि कल केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमृत काल का पहला आम बजट प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है। यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का बजट है।
उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबों, किसानों, वंचित व शोषितों, दलितों, जनजातियों, दिव्यांगों, माताओं-बहनों तथा मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त और सक्षम बनाने का बजट है। इस बजट ने सभी वर्गों को छुआ है। यह सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी बजट है।
महिला विकास पत्र जारी करने के फैसले को सीएम शिवराज ने अभिनंदनीय बताया और कहा कि अब बहनों को 2 लाख रुपये की बचत पर सालाना साढ़े 7% ब्याज मिलेगा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेविंग अकाउंट में रखने वाली राशि को साढ़े 4 लाख से बढ़ाकर 9 लाख रुपया कर दिया गया है।
नेशनल हाइड्रोजन मिशन के लिए 19,700 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। 2030 तक 50 लाख टन ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादित करने का लक्ष्य है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की कार्बन उत्सर्जन को जीरो करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पीएम कौशल विकास योजना 4.0 को स्वागत योग्य बताते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि इसमें 40 स्किल सेंटर देशभर में स्थापित किये जायेंगे।