बीते 24 घंटे के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर है। मानसून एक्टिव होने के बाद नरसिंहपुर में 8.58 इंच पानी गिरने से हालात बिगड़ गए हैं। करेली- नरसिंहपुर रेलवे ट्रैक पर बारुरेवा रेलवे पुल की मिट्टी में कटाव हो गया है। नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन ने बताया कि इटारसी से जबलपुर आने वाली ट्रेनों को फिलहाल रोका गया, बाद में इन्हें स्लो स्पीड में पुल से रवाना कराया गया है। जिले के सभी नदी-नाले उफन रहे हैं। गोटेगांव- नरसिंहपुर मार्ग बंद है। 

जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग का डायवर्जन पुल पानी में बह गया। उमरिया जिले के मानपुर थानाक्षेत्र के सोन नदी के तेज बहाव में 11 साल की बच्ची बह गई। बच्ची यहां बकरियां चरा रही थी, तभी नदी में बाढ़ आ गई। इधर भोपाल में भी आज बुधवार सुबह से रुक-रुक कर पानी गिर रहा है। छिंदवाड़ा में रातभर से पानी गिरने का सिलसिला चल रहा है। मलाजखंड में 5.64, मंडला में 5.33 इंच, जबलपुर में 3.26 इंच बारिश 24 घंटे में हो चुकी है। डिंडौरी - मंडला पर रोड के रपटे से नदी का पानी जाने से यहां यातायात रोकना पड़ा है।

देवास में पहाड़ धंसा 

देवास में माता टेकरी पर हनुमान मंदिर के पास रात 9 बजे पहाड़ धंस गया। रात होने से श्रद्धालु मौके पर नहीं थे सबसे ज्यादा क्षति हनुमान मंदिर के एक तरफ के पिलर को हुई है। मां तुलजा भवानी मंदिर में मंगला आरती के मुख्य पुजारी के मुताबिक यह साल की पहली घटना है। वही भिंड के प्रसिद्ध मंदिर दंदरौआ धाम में जोरदार बारिश से गर्भगृह में पानी भर गया।