दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं लगाते या चारपहिया वाहन ड्राइव करते समय सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों के खिलाफ शुक्रवार से मप्र में पुलिस ने चैकिंग अभियान शुरू कर दिया है। इसमें बगैर हेलमेट या सीट बेल्ट के पकड़े जाने की सूरत में जुर्माना भरना पड़ सकता है।

यातायात पुलिस का यह अभियान आगामी 7 सितंबर तक चलेगा। पीटीआरआइ के एडीजी जी. जनार्दन ने भोपाल व इंदौर के पुलिस आयुक्त समेत सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिये हैं कि विशेष अभियान चलाते हुए ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें, जो यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं।

इसके साथ ही वाहन चालकों द्वारा हेलमेट व सीट बेल्ट धारण करने के संदर्भ में सभी स्कूल-कॉलेजों में, मोहल्ले-कस्बों में एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। एडीजी ने इस संदर्भ में सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों से अभियान को लेकर साप्ताहिक रिपोर्ट देने के लिए भी कहा है।

दरअसल, यह अभियान मप्र हाईकोर्ट के एक आदेश के बाद शुरू हुआ है। जिसमें दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य किया गया है।