वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने मवेशी आ रहे हैं, इन्हें रोकने का प्रबंधन करें। रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन के बीच चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर मारने वाले पत्थरबाजों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। यह बात सांसदों ने भोपाल में रेलवे के अधिकारियों से कही है। यह बैठक रेलवे की ओर से बुलाई गई थी। सांसदों का कहना था कि वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों की चिंता है, उनकी सुरक्षा हो । 

उल्लेखनीय है कि रानी कमलापति से एक वंदे भारत निजामुद्दीन के बीच चलती है, जिसके पांच कोचों के कांच पत्थरबाजों ने बीते दिनों फोड़े थे। इस ट्रेन के सामने मवेशी भी आ चुके हैं, जिसके कारण इसे रोकना पड़ चुका है। वहीं इसी स्टेशन से जबलपुर व भोपाल से इंदौर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने भी खुले ट्रैक् पर मवेशी आने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बैठक में भोपाल डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रश्मि बघेल समेत अन्य अधिकारी थे।

17 स्टेशनों को विकसित कर रहे

रेलवे जीएम सुधीर कुमार गुप्ता ने सांसदों को बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भोपाल मंडल के कुल 17 स्टेशनों का चयन किया गया है। योजना के अंतर्गत संत हिरदाराम नगर, गंजबासौदा, विदिशा, अशोकनगर, रुठियाई, ब्यावरा - राजग ?, साँची, शाजापुर, खिरकिया, बानापुरा, इटारसी, गुना, नर्मदापुरम, हरदा एवं शिवपुरी सहित कुल 15 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर विकास कार्य किए जाएंगे।

सीधा रेल संपर्क जुड़ने में लगेगा समय

जीएम सुधीर गुप्ता ने बताया कि राजस्थान के रामगंजमंडी से भोपाल नई रेल लाइन प्रोजेक्ट का काम वर्ष 2024 तक पूरा करेंगे। बीना- गुना रेल सेक्शन के कुल 119.98 किलोमीटर दोहरीकरण और इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा किया। अक्टूबर-2023 से इंदौर- बुदनी नई रेल लाइन (198 किलोमीटर) के लिए जमीन का अधिग्रहण शुरू होगा। बरखेड़ा-बुदनी तीसरी लाइन के शेष 26.50 किलोमीटर की कमीशनिंग का कार्य अक्टूबर- 2023 तक पूरा करेंगे। वर्ष 2022-23 में पश्चिम-मध्य रेल में कुल नौ रोड ओवर ब्रिज, 60 रोड अंडर ब्रिज / लिमिटेड हाईट सबवे, 11 फुट ओवर ब्रिज, 10 एस्केलेटर और 6 लिफ्ट का प्रावधान किया है।