केरल में जोरदार दस्तक के बाद अब मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह शनिवार तक कर्नाटक और तमिलनाडु पहुंच जाएगा। दूसरी तरफ दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। मानसून अगले दो दिनों में पूरे तमिलनाडु और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों को कवर कर लेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 10 जून तक दक्षिण से बढ़ते हुए महाराष्ट्र पहुंचेगा। फिर पूर्वोत्तर के राज्यों को कवर कर पश्चिम बंगाल से बिहार की तरफ बढ़ेगा। 15 जून तक मानसून की वजह से गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूरे बिहार में बारिश शुरू हो जाएगी।

बिपरजॉय ज्यादा तेज होगा

■ मौसम विभाग का कहना है, साइक्लोन बिपरजॉय अगले 36 घंटों में और तेज हो जाएगा। जिसके बाद यह 11 जून तक उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। हालांकि यह भारत के तटीय इलाकों से नहीं गुजरेगा। फिर भी मौसम विभाग ने मछुआरों को अरब सागर में चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। जो लोग समुद्र में थे उन्हें तट पर लौटने की सलाह दी गई।