मध्यप्रदेश में मौसम नर्म-गर्म बना हुआ है। तीखी धूप भी हो रही है वहीं कुछ इलाकों में बादलों का भी डेरा है। इधर तेज़ धूप और गर्मी के कारण भोपाल में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। कलेक्टर ने इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं।
भोपाल में अब शासकीय और निजी स्कूल सुबह सात बजे से 12.30 के मध्य ही संचालित किये जा सकेंगे। जबलपुर और छतरपुर में स्कूलों का समय पहले ही बदला जा चुका है। जबलपुर में 19 अप्रैल और छतरपुर में 20 अप्रैल से यह आदेश प्रभावी है.

इधर भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम-शहडोल संभाग समेत इंदौर, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, धार, सागर, पन्ना और सतना में शुक्रवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार को भोपाल, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई।