प्रदेश में अब किसी का हाथ ठेला जब्त नहीं होगा। हम यह फैसला कर रहे हैं कि मध्यप्रदेश में तहबाजारी और रोज वसूली पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी। यह ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  भोपाल में आयोजित शहरी पथ विक्रेताओं एवं हाथ ठेला चालकों की पंचायत में किया।

CM  शिवराज ने कहा कि आप श्रम साधक हैं, आपके बिना दुनिया नहीं चल सकती है। आपके सशक्त और ऊर्जावान हाथों को प्रणाम! हाथ ठेला रोजी-रोटी का साधन है। मैं तत्काल प्रभाव से निर्देश देता हूँ कि किसी का हाथ ठेला जब्त नहीं होगा। 

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरीय क्षेत्र के हाथ ठेला चालक, फेरी एवं रेहड़ी वालों की महापंचायत में पधारे भाई-बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत और अभिनंदन किया। महापंचायत का शुभारंभ कन्या पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। 

महापंचायत में CM शिवराज ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं, आपके परिवार का सदस्य हूँ। अपना रिश्ता आत्मा का रिश्ता है। इस अवसर पर CM शिवराज ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का हितलाभ सौंपकर शुभकामनाएं दीं।

इस पंचायत में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह। विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, महापौर मालती राय व अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।