मध्यप्रदेश में आए दिन मानवता को शर्मसार करने वाले मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश के डबरा से एक समुदाय विशेष के युवाओं के तलवे चाटने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

अब मामले में प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। फिलहाल डबरा वीडियो मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वायरल वीडियो में एक चार पहिया वाहन में सवार 4 लोग 2 युवकों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। जिनमें से एक पीड़ित युवक के साथ बद्सलूकी कर रहा है, एक वीडियो बना रहा है और एक गाड़ी चला रहा है।

एक आरोपी पीड़ित को अपने पैर के तलवे चाटने, चप्पल से मारने, चप्पल चाटने के लिए मजबूर कर रहा है।इस घटना को चलती कार में अंजाम दिया गया है। इस घटना के 2 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऐसा दावा किया जा रहा है, कि घटना 10-12 दिन पुरानी है।

इस वीडियो के सामने आते ही एक बार फिर से हड़कंप मच गया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।