भोपाल: राज्य सरकार ने गत 9 अगस्त की रात वन परिक्षेत्र लटेरी दक्षिण ग्राम खटयापुर जिला विदिशा के क्षेत्र में वन अमले एवं अनुसूचित जनजाति के ग्रामीणजनों के बीच मुठभेड़ की घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति की मृत्यु तथा 4 अन्य के घायल होने की घटना पर 23 अगस्त 2022 को हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस वीपीएस चौहान की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग के कार्यकाल में छह माह की वृध्दि कर दी है। प्रारंभ में यह जांच आयोग तीन माह के लिये गठित किया गया था तथा अब इसका कार्यकाल छह माह यानि 22 मई 2023 तक बढ़ा दिया गया है।
त्रुटिपूर्ण निकली अधिसूचना :
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जांच आयोग का कार्यकाल दूसरी बार बढ़ाने का अधिसूचना त्रुटिपूर्ण निकाली है क्योंकि इसमें जांच आयोग का गठन 23 नवम्बर 2022 को करने एवं इसकी अधिसूचना 29 नवम्बर 2022 को निकालने की जानकारी दी गई है जबकि इन तारीखों में कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है। वस्तुत: इस जांच आयोग का गठन एवं इसकी अधिसूचना 23 अगस्त 2022 को जारी हुई है। अब विभाग इसमें संशोधन जारी करेगा।