सीहोर के ग्राम बड़ी मुंगावली में 300 फ़ीट गहरे बोर में गिरी ढाई साल की सृष्टि कुशवाह के लिए दुआओं का दौर जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दूसरे दिन सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है। वहीं CM शिवराज सिंह चौहान भी रेस्क्यू ऑपरेशन पर नज़र रख रहे हैं।
प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी वीडियो जारी करके सृष्टि को निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में जानकारी दी है। सीएम शिवराज ने बताया कि सीहोर जिले के मुंगावली गांव के बोरवेल में गिरी बेटी सृष्टि को निकालने के प्रयास लगातार जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के बाद आर्मी की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। हमारी कोशिश है कि बच्ची को शीघ्र ही सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
आपको बता दें बोरवेल के अंदर पाइप के जरिए ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। राहत और बचाव कार्य में 6 पोकलेन मशीन, जेसीबी डंपर लगातार काम कर रहे हैं। एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक उपकरण घटनास्थल पर उपलब्ध हैं। प्रभारी कलेक्टर, एसपी, डीआईजी मौके पर मौजूद हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान भी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नज़र रख रहे हैं। उन्होंने घटना की सूचना मिलते ही तत्काल जिला प्रशासन के अधिकारियों से बात की और बालिका की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।