MP News: शादियों के दौरान दूल्हा-दुल्हन के अजीबोग़रीब डांस स्टेप की चर्चा तो ख़ूब होती हैं. कई बार तो दूल्हा अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए जेसीबी, ट्रैक्टर या फिर हेलीकॉप्टर से बारात लेकर पहुंच जाता हैं.
ऐसी कई अनोखी शादी के बारे में तो अपने ज़रूर सुना होगा. लेकिन आज हम आपको एमपी की उस अनोखी शादी के बारे में बतायेंगे. जहां पर जेल में बंद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए पुलिस वालों के साथ बारात लेकर पहुंचा.
जी हां, दरअसल मध्यप्रदेश के सतना में एक अनोखी शादी देखने को मिली. यहां पर दूल्हा पुलिस की गाड़ी में बैठकर जेल से शादी समारोह तक पहुंचा. पूरी शादी में दूल्हे के आसपास बारातियों की तरह पुलिस वाले खड़े नजर आये.
फिर मंच पर जैसे ही शादी की रस्में शुरू हुई तो पुलिस वाले ठीक सामने की तरफ नीचे आकर बैठ गए. इस दौरान उनकी नजरें दूल्हे पर ही टिकी रही. ये देख पूरे मेहमान हैरान रह गए. क्योंकि ऐसा दृश्य पहली बार ही किसी शादी समारोह में देखने को मिला. इस तरह की अनोखी शादी सतना जिले में विक्रम चौधरी की हुई.
खबरों के मुताबिक, विक्रम आबकारी एक्ट के तहत जेल में बंद है. कल यानी 16 मई को उसकी शादी की डेट पहले से ही तय थी. उसी के आधार पर परिजनों ने कोर्ट में अर्जी लगाई थी कि उसकी शादी करवाई जाए. इस पर कोर्ट की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद शादी वाले दिन पुलिस आरोपी को लेकर उसके ससुराल मैहर के करुआ गांव पहुंची.
जहां पुलिस की मौजूदगी में सारी रस्में कराई गई. करीब 8 पुलिसकर्मियों की देखरेख में यह शादी संपन्न हुई. कोर्ट के आदेश के मुताबिक, पुलिस वालों ने सुबह 6 बजे तक सारी रस्में पूरी करवाकर दूल्हे को आज वापस जेल भेज दिया. क्योंकि कोर्ट की तरफ से आज सुबह 6 से 7 तक का समय दिया गया था.
बता दें कि आरोपी (दूल्हा) घूरडांग का निवासी है जो 34/2 का अभियुक्त है. जिसे कोर्ट ने आरोप तय होने के बाद जेल भेजा था. फ़िलहाल, कोर्ट के आदेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे रीति रिवाज से शादी करवाकर फिर से आरोपी को जेल भेज दिया गया है.