मध्यप्रदेश में 'द केरल स्टोरी' अब टैक्स फ्री नहीं होगी। प्रदेश सरकार ने छह मई को आदेश जारी कर फिल्म को टैक्स फ्री किया था और अब दस मई को नया आदेश जारी कर पुराने आदेश को निरस्त कर दिया गया है। बड़ी बात यह है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं फिल्म को टैक्स फ्री किये जाने का एलान किया था।
महज चार दिन में टैक्स फ्री किये जाने के आदेश के निरस्त होने से अब राज्य सरकार के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष फिल्म की टाइमिंग, उसे टैक्स फ्री करने के आदेश और अब फिर टैक्सेबल करने के आदेश को राजनीति से प्रेरित बता रहा है।
.png)
वाणिज्यिक कर विभाग में उप-सचिव आरपी श्रीवास्तव ने दस मई को आदेश जारी कर कहा कि विभाग के आदेश क्रमांक 1145/2023/05 (सेक्शन-1) दिनांक 06.05.2023 को राज्य शासन 10 मई 2023 के प्रभाव से निरस्त करता है।
गौरतलब है कि फिल्म को टैक्स फ्री करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि यह फिल्म जागरूकता पैदा करती है, इस वजह से सभी को यह फिल्म देखनी चाहिए। माता-पिता, बच्चों और बेटियों को इसे देखना चाहिए। इस वजह से मध्य प्रदेश सरकार फिल्म ‘द केरल स्टोरी' को कर मुक्त करने जा रही है। यह फिल्म बताती है कि कैसे क्षणिक भावुकता के कारण ‘लव जिहाद' के जाल में फंसकर बेटियां अपनी जिंदगी बर्बाद कर लेती हैं। यह फिल्म आतंकवाद के विभिन्न रूपों को भी उजागर करती है।