मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां सांप के काटने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई ती। बच्चे की मौत के बाद भी मां ने अपने बेटे को सीने से लगाए रखा था। वह किसी भी सूरत में अपने कलेजे के टुकड़े को अपने से दूर नहीं करना चाहती थी।

यहां तक कि वह शव को पोस्टमार्टम तक के लिए नहीं छोड़ना चाहती थी। इसके बाद पुलिस वाले ने तैश में आकर शव से चिपकी हुई मां को थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया है।

आपको बता दें, कि जिले के जेतारपुर थाना क्षेत्र के गलहथा के मौहार टोला में 12 वर्षीय अमन को सांप ने काट लिया था। इलाज के लिए अमन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई थी। इसके बाद बालक की मां अपना होश-ओ-हवाश खो बैठी। कुछ देर बाद बच्चे के शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हुई, इस दौरान भी में ने मृत बालक का शव नहीं छोड़ा।

इसी बीच पोस्टमॉर्टम कराने पहुंचे जेतपुर थाने के हेड कांस्टेबल संतोष सिंह परिहार ने महिला को थप्पड़ मार दिया। हेड कांस्टेबल के इस व्यवहार के बाद परिजन आक्रोशित हो गये। यह मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिसकर्मी को लाइन हाज़िर कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर घटना एक वीडियो भी वायरल है। वीडियो को लेकर यूजर्स ने अब सवाल उठाने शुरु कर दिए हैं।

@PrabhuPateria नाम के यूजर ने लिखा है। अपने 12 साल के लाल की निर्जीव देह को छाती से चिपटाए विलाप कर रही माँ को थप्पड़ मारने वाले संवेदनाहीन प्रधान आरक्षक को सिर्फ लाइन हाज़िर करना पर्याप्त नहीं है। इसकी बर्ख़ास्तगी होनी चाहिए गृहमंत्री  @drnarottammisra जी। घटना शहडोल के जैतपुर की, जहां सांप के काटने से मृत बालक को गोद में लिए माँ पोस्टमार्टम के छोड़ नहीं रही थी तो पुलिसकर्मी ने तमाचा जड़ दिया।