होली का त्यौहार सिर पर है और त्यौहार से पहले ही जनता को महंगाई की मार झोलनी पड़ रही है। मार्च के पहले दिन घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी हो गई है जिसका असर मध्यप्रदेश विधानसभा में भी देखा गया। 

विधानसभा में प्रदेश का बजट पेश किया गया लेकिन बजट के पहले ही रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने विधानसभा में जमकर हंगामा और विरोध किया। विरोध जताते हुए कांग्रेसी गैस का सिलेंडर लेकर विधानसभा पहुंचे।

विरोध करने वालों में पूर्व वित्तमंत्री तरुण भनौत, पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह और विधायक कुणाल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस विधायकों ने ये मांग भी उठाई कि राजस्थान की तर्ज़ पर मध्यप्रदेश में भी हर ग़रीब परिवार को सिलेण्डर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाए। साथ ही बजट में इस बात की घोषणा की जाए।

इधर घरेलू गैस के दाम बढ़ाए जाने को लेकर एमपी के पूर्व सीएम कमल नाथ ने कहा कि महंगाई बड़ी समस्या है और बजट से पहले ही गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए। घर का बजट चौपट किया है और कहते हैं हम 1000 रुपए महिलाओं को देंगे।

बता दें कि व्यसायिक LPG गैस सिलेंडर की कीमत में भी 350 रुपए की वृद्धि की गई है। इस बढ़ोत्तरी के साथ ही 1053 रुपए का मिलने वाला घरेलू गैस सिलेण्डर ₹1103, व्यावसायिक गैस सिलेंडर ₹1769 की बजाए ₹2119 का मिलेगा। इससे पहले भी केंद्र सरकार ने पिछले साल भी LPG गैस सिलेंडर की कीमत में कई बार बदलाव किए थे। जिसके बाद अप्रेल 2017 से लेकर जुलाई 2022 तक LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 45 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई थी।