भोपाल: विधानसभा के स्पीकर गिरीश गौतम ने आगामी 18 मार्च को विधानसभा भवन के मानसरोवर हॉल में पूर्व विधायकों का सम्मेलन बुलाया है तथा तथा इसे स्नेह मिलन कार्यक्रम नाम दिया है।
पूर्व विधायक मंडल की सदस्य सुविधा समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में करीब साढ़े चार सौ पूर्व विधायक हैं जिनमें से करीब 300 पूर्व विधायक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायकों की मासिक पेंशन 35 हजार रुपये से बढ़ाकर 70 हजार रुपये करने की मांग फिर मुखर होगी।
स्पीकर द्वारा सभी पूर्व विधायकों को भेजे पत्र में कहा गया है कि मप्र विधानसभा की विगत 66 वर्षों की संसदीय यात्रा एवं प्रदेश के विकास में आपका अमूल्य योगदान रहा है। आपके सहयोग, मार्गदर्शन, कौशल्य एवं अथक प्रयासों से मप्र विधानसभा न सिर्फ प्रदेश के विकास एवं जनता के विकास में सहयोगी सिद्ध हुई है वरन् आज देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थानों में प्रगति के नित नये आयाम स्थापित कर आदर्श संस्था के रुप में अपनी पहचान बना चुकी है।
विकास की यात्रा के साक्षी रहे आप सभी के प्रति हम कृतज्ञ है तथा संस्था प्रमुख होने के नाते मैं अपना कत्र्तव्य समझता हूं कि आपसे सतत् सम्पर्क, जीवंत संवाद कर आपकी कठिनाईयों, समस्याओं से अवगत होते हुए उनके समाधान की दिशा में शासन और आपके मध्य एक सेतू का कार्य कर सकूं।
इस परिप्रेक्ष्य में शनिवार 18 मार्च, 2023 को प्रात: 11 बजे मप्र विधानसभा भवन स्थित मानसरोवर सभागार में आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिये आपको आमंत्रित कर रहा हूं।