मध्यप्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वर्ष के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरु कर दी है। वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस में अब भी सीएम फेस को लेकर घमासान मचा हुआ है।

पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ स्वयं को लेकर आश्वस्त हैं। तो वहीं पार्टी आलाकमान से लेकर प्रदेश स्तर पर  इसे लेकर बयानबाज़ी का दौर जारी है। या यूं कहिए सीएम फेस को लेकर सवाल पूछे जाने पर कुछ और ही राग अलापते नज़र आ रहे हैं।

अब इसे लेकर मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। सीएम शिवराज का कहना है, कि अब नेता कौन है समझ में नहीं आता कोई कहता है भावी, फिर वहीं कहलवाते हैं अवश्यंभावी तो फिर उन्हीं के पार्टी के एक नेता कहते हैं, नही कोई फेस ही नहीं है वो तो। अब कोई ये कहे कि नेता प्रतिपक्ष कोई नेता ही नहीं हैं। उसको विधायकों ने कब चुना?

इसके बाद तंज कसते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि अभी तो शादी-विवाह कुछ तय भी नहीं हुआ है और ये लोग शेरवानी सिलवा कर पहनकर घूम रहे हैं। सूत ना कपास, जुलाहों में लट्ठम-लट्ठा। फिलहाल सीएम शिवराज के इस बयान पर कांग्रेस का जवाब नहीं आया है।