मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को भोपाल की कई बस्तियों में लाड़ली बहना योजना की ब्रांडिंग के लिए पहुंचे। सीएम शिवराज ने इस दौरान लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरने में महिलाओं की मदद की। मुख्यमंत्री शिवराज ने योग केंद्र ईदगाह हिल्स, टीला जमालपुरा, बरखेड़ी रशीदिया स्कूल में महिला हितग्राहियों के फॉर्म भरवा कर उनसे संवाद किया।

इस दौरान एक इमोशनल वाकया भी सामने आया। एक महिला ने मुख्यमंत्री की रक्षा के लिए नज़र उतारने का आग्रह कर दिया। सीएम शिवराज भी बहना के स्नेहिल अनुरोध को न टाल सके और फिर बहना ने अपने शिवराज भैया की नज़र उतारी। 

सीएम शिवराज ने इस वाकये को सोशल मीडिया में शेयर भी किया। उन्होंने लिखा- ये बहन इतने प्रेम से आयी और बोली.. 'भैया आपको नजर ना लगे, इसलिए मैं नजर उतारना चाहती हूँ' तो मैं मना नहीं कर पाया, लेकिन बहन आप लोगों का स्नेह ही मेरा रक्षाकवच है, यही मेरी प्रेरणा और शक्ति है। मेरी बस यही इच्छा है कि इस जीवन में अपनी बहन-बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकूँ।

https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1651877566867972098?s=20

सीएम शिवराज ने इस दौरान यह भी कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना मेरी गरीब और निम्न मध्यमवर्ग की बहनों की जिंदगी बदलने के लिए क्रांति है।भगवान ने स्त्री और पुरुष को एक ही बनाया लेकिन धीरे धीरे परिस्थितियाँ ऐसी बन गईं कि बेटा ज्यादा प्यारा हो गया और बेटियों का महत्व कम हो गया।

बेटियों को परेशान देखकर मन में बहुत तकलीफ होती थी। उनके लिए कुछ करने के लिए लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बनी। 

सीएम ने आगे कहा कि सावन में भाई एक बार अपनी बहनों को राखी बाँधने पर कुछ देते हैं। मैं भी आपका सगा भाई हूं, लेकिन लगा कि एक बार कुछ देने से नहीं चलेगा, हर महीने कुछ न कुछ देना होगा। ऐसे ही मेरी बहनें भी छोटी छोटी जरूरतों के लिए परेशान होती रहती थीं। तब मेरे मन में आया कि बहनों के लिए कुछ करना चाहिये।इस योजना से परिवार की स्थिति बदल जाएगी। अब तक 1 करोड़ 20 लाख से ज्यादा बहनें अभी तक आवेदन भर चुकी हैं। इस हिसाब से लगभग 15-16 हजार करोड़ रुपये इस योजना पर खर्च होंगे लेकिन मेरा संकल्प है कि चाहे कुछ हो जाए 10 जून से बहनों के खाते में पैसा पहुंचना शुरु हो जाएगा।