भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित पीपुल्स मॉल के पीछे शनिवार से शुरू महाशिवपुराण में एक हजार पुलिसकर्मी और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। इनमें चार सौ पुलिसकर्मी यातायात पुलिस के हैं, जो अलग अलग पाइंट लगाकर ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखे हुए है।

इसके अलावा बाकि छह सौ पुलिसकर्मी और अधिकारी पंडाल के आसपास और कुछ सिविल में पंडाल के अंदर मौजूद रहेंगे। कथा सुनने वाले लोगों से पुलिस ने अपील की है कि वह अपने सामान की स्वयं निगरानी करें। किसी भी असुविधा के लिए तत्काल पुलिस को सूचना दी और मदद लें। शनिवार सुबह कथास्थल पर एसीपी निशातपुरा रिचा जैन पहुंची थी। इस दौरान आलाधिकारी भी मौजूद थी।

रिचा जैन ने बताया कि जेबकतरे और आसामाजिक तत्वों पर पुलिस नजर रखे हुए हैं। सुबह से ही पुलिस की अलग-अलग टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही है। इस दौरान गुंडा लिस्ट में शामिल लोगों को और ऐसे लोग जो आदतन अपराधी हैं उन्हें थाने ले जाया जा रहा है। उन्हें समझाइश दी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।

शोभायात्रा में महिला के गले से 90 हजार रुपए की चेन चोरी 

महाशिवपुराण से पहले राजधानी में शोभा यात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा में पंडित प्रदीप मिश्रा और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। इस दौरान पंजाबी बाग निवासी संध्या अवस्थी में शोभा यात्री में मौजूद थी। संध्या अवस्थी ने पुलिस को बताया कि वह घर से बाबा चौराहा तक पहुंची थी। इसी बीच किसी ने उनके गले से 90 हजार रुपए की सोने की चेन चुरा ली। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।