भोपाल: प्रदेश में खनिजों का रेल्वे रैक के माध्यम से परिवहन कराने के लिये अब ट्रांजिट पास ऑनलाईन ही मिलेगा। इसके लिये राज्य सरकार ने ई-खनिज पोर्टल पर व्यवस्था कर दी है। सभी जिला कलेक्टरों को बताया गया है कि वर्ष 2011 से रेल्वे ट्रांजिट पास जिला खनिज अधिकारी द्वारा मेनुअली दी जा रही थी, लेकिन अब यह ऑनलाईन मिलेगी।
इसके लिये पोर्टल पर प्रदेश की समस्त रेल्वे साईडिंग को ऑनलाईन किया गया है। रेल्वे रैक के माध्यम से परिवहन करने वाले सप्लायर को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के उपरान्त रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर एवं ई-मेल आईडी पर लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड आयेगा।
इसके बाद प्रारुप वन पोर्टल पर सब्मिट करना होगा तथा यह सब्मिट करते ही पार्टल पर प्रारुप टु उपलब्ध हो जायेगा जिसे सप्लायर को रेल्वें विभाग को प्रेषित करना होगा। इसकी जांच रेल्वे द्वारा पोर्टल पर ही की जायेगी। सप्लायर द्वारा जारी सभी ई-टीपी को पोर्टल पर रिसीव किया जायेगा। रेल्वे ट्रांजिट पास जारी होते ही जिले के खनिज अधिकारी को एसएमएस के माध्यम से पोर्टल द्वारा एलर्ट भेजा जायेगा।