कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी को मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने बड़ी चुनौती दी है। उमा भारती ने कहा है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा को पाक अधिकृत कश्मीर( POK) तक ले जाएँ। उसे जोड़कर ही वापस लौटें, नहीं तो वे  उधर ही रहें। 

उमा भारती ने बैतूल में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी को यह चैलेंज दिया। उमा भारती ने कहा कि मुझे यह समझ नहीं आता कि भारत जोड़ना क्यों है? भारत टूटा कहां से है? जोड़ने की बात तब आएगी, जब वह टूटा हो। 

उमा भारती ने आगे कहा कि भारत  टूटा तो तब था, जब पाकिस्तान बना। अब भारत जोड़ने में एक चीज शेष है, वह है पाक अधिकृत कश्मीर। राहुल अगर गंभीर हैं तो भारत जोड़ो यात्रा को POK तक ले जाएँ और उसे जोड़कर ही वापस लौटें अन्यथा न लौटें।

उमा ने इस मौके पर 'मधुशाला से गौशाला की ओर चलो' का नया नारा भी दिया। उमा ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मध्यप्रदेश में नई शराब नीति लागू होगी जिसमें नियंत्रित शराब वितरण प्रणाली होगी, उसमें खामी नहीं होगी। अभी कई खामियां हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूलों, अदालतों, अस्पतालों के पास भी शराब की दुकान नहीं होना चाहिए।