भोपाल से इंदौर के बीच यात्रियों के पास अब जल्दी पहुंचने के लिए अकेले बस का ही विकल्प नहीं होगा, बल्कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए ये दूरी महज ढाई से तीन घंटे में पूरी हो जाएगी। आमतौर पर बसों के माध्यम से यह दूरी चार घंटे में तय होती है। अब इससे कम समय में वंदे भारत एक्सप्रेस यह दूरी तय कर लेगी।
सुबह 9 बजे पहुंचेगी भोपाल-
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेन भोपाल से शाम 7:30 बजे चलकर रात 10:45 बजे इंदौर पहुंचेगी। यह ट्रेन इंदौर से सुबह 6:25 बजे रवाना होकर सुबह 9 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसमें कुल 16 कोच होंगे। इनमें 14 एसी चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास कोच हैं। इसमें 1128 सीटें होगी।
मगर टॉप 5 में नहीं मिलेगी जगह
दरअसल, इंदौर से भोपाल होकर जबलपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी रफ्तार के कारण देशभर में चल रही इस श्रेणी की ट्रेनों के मुकाबले टॉप-5 में भी शामिल नहीं हो पाएगी। इंदौर से भोपाल आने वाली और भोपाल से जबलपुर जाने वाली वंदे भारत की औसत रफ्तार 75 किमी/घंटे से भी कम है। जबकि आरकेएमपी से हजरत निजामुद्दीन के बीच चल रही वंदे भारत की औसत रफ्तार अभी 90 किमी/घंटे से ऊपर ही है।
माना जाता है कि इंदौर-जबलपुर ट्रैक ज्यादा स्पीड के हिसाब से नहीं है। इसलिए इस ट्रेन की रफ्तार भी कम रहेगी। इस ट्रेन को दो अलग-अलग नंबरों से 16 कोच से चलाया जाएगा। अभी ओवर नाइट, नर्मदा एक्सप्रेस आदि ट्रेनें इंदौर से जबलपुर के बीच चलाई जा रही हैं, उनकी औसत रफ्तार करीब 56 किमी/घंटे है।