भोपाल: राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग ने शराब बनाने की डिस्टीलरी मेसर्स डीसीआर डिसलरी प्रालि सागर को अपने आसवनी संयंत्र के संचालन हेतु धसान नदी से जल आवंटित जल को निरस्त कर अब हिंगलाज माता वियर से 0.093 मिलियन घनमीटर वार्षिक जल आवंटित किया है।
पन्ना से दमोह शिफ्ट हुआ सीमेंट प्लांट :
इधर स्प्रिंगवे माइनिंग प्रालि कलकत्ता ने पन्ना जिले के ग्राम पगारा एवं कोलकार्डिया में प्रस्तावित अपने सीमेंट प्लांट को दमोह जिले में शिफ्ट कर लिया है। इसे पन्ना मेें प्लांट स्थापित करने के लिये ग्राम अमलघाट व हरदुआ के मध्य ब्यारमा नदी से 1.022 मिलियन घनमीटर सालाना जल आवंटित किया गया था। प्लांट का स्थान बदलने के कारण अब जल संसाधन विभाग ने उक्त कंपनी को वाणिज्यिक उत्पादन करने की समयावधि सिम्बर 2025 तक बढ़ा दी है।
शाहपुरा योजना के लिये जल आवंटित :
इधर मप्र जल निगम भोपाल को जबलपुर एवं डिण्डौरी जिले की शाहपुरा मेंहदवानी ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के लिये बिलगांव बांध से 8.85 मिघमी सालाना पानी आवंटित किया गया है। इसी प्रकार, सागर जिले की बिलहरा नगर परिषद को अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर पेयजल हेतु परकुल बांध से 1.92 मिघमी, सागर जिले की सुरखी नगर परिषद की पेयजल योजना हेतु टिकरी जलाशय से 2 मिघमी, सागर जिले की देवरी एवं केसली समूह जल प्रदाय योजना हेतु जल निगम को केसली डेम के स्थान पर सोनपुर डेम से 6 मिघमी जल आवंटित किया है।