मध्यप्रदेश में ठंड अब कहर बरपा रही है। सप्ताह के अंत तक राहत के आसार भी नज़र नहीं आ रहे हैं। प्रदेश के ज्यादातर हिस्से गीली और बर्फीली ठंड की चपेट में हैं। बुधवार को प्रदेश के 4 शहरों में सीवियर कोल्ड डे, तो भोपाल समेत 12 शहरों में कोल्ड डे रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक,अगले दो दिन राजधानी भोपाल समेत इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में बादल रह सकते हैं। हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। वहीं छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला और बैतूल में मावठा गिर सकता है। 

बुधवार को बैतूल, जबलपुर, मंडला, धार में रहा सीवियर कोल्ड डे रहा।  वहीं भोपाल, शिवपुरी, उज्जैन, रतलाम, गुना, छिंदवाड़ा, छतरपुर, नरसिंहपुर, रीवा, सागर, उमरिया, सिवनी में कोल्ड डे रहा। सर्दी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं कुछ शहरों में प्राथमिक कक्षाओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है। 

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह के बाद नए सिस्टम के एक्टिव होने से बादल छाने की संभावना है। जिससे दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।