मध्यप्रदेश फिर से एक बार मौसम में बदलाव आएगा और तेज हवाओं के साथ बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। वेदर सिस्टम के कमजोर होने से आठ मई के बाद मौसम साफ रहेगा। परंतु इन दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में हल्के बादल छाएंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 

मौसम में बार-बार आ रहे परिवर्तन की वजह से तापमान का पारा थम सा गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी के मौसम में भी तापमान 35 डिग्री से नीचे बना हुआ है। रविवार से एक्टिव हो रहे नए वेदर सिस्टम की वजह से प्रदेश में अगले 24 घंटे में भोपाल, सागर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम संभाग के साथ खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, धार, इंदौर, बड़वानी, शाजापुर और आगर मालवा में मध्यम गति से बारिश हो सकती है। 

वहीं, जबलपुर, नर्मदापुरम और भोपाल संभाग के साथ पन्ना, रीवा, सतना, अनूपपुर, छतरपुर, खंडवा, खरगोन, धार, इंदौर, बड़वानी, बुरहानपुर, शाजापुर, देवास में कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने के साथ तेज गति से बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।