अडाणी ग्रुप अपनी FMCG कंपनी अडाणी विल्मर लिमिटेड की 43.97 फीसदी की पूरी हिस्सेदारी बेचना चाहती है। इसके लिए ग्रुप कई मल्टीनेशनल कंज्यूमर गुड्स वाली कंपनियों से बात कर रहा है। इकोनॉमिक्स टाइम ने अपनी रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी बेचने की डील एक महीने अंदर पूरी हो सकती है। ग्रुप हिस्सेदारी बेचने पर 2.5-3 बिलियन डॉलर (करीब 24 हजार-करोड़) मिलने की उम्मीद कर रहा है। 

हालांकि, अडाणी ग्रुप ने अभी तक इसके बारे में किसी भी प्रकार की ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है। कंपनी बेचने की खबर आने के बाद कंपनी के शेयर में 0.16 फीसदी की मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। यह 316.50 रुपए पर कारोबार कर रहा है। तीन महीने पहले ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज पिछले कुछ महीनों से अडाणी विल्मर की हिस्सेदारी बेचने की संभावना तलाश कर रही है। ग्रुप इससे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल अपने कोर बिजनेस में फोकस करने के लिए करेगा।

हालांकि, अदाणी विल्मर ने इसे अफवाह बताते हुए कोई भी कमेंट करने से इनकार कर दिया था। कंपनी ने कहा कि हम सेबी के नियमों का पालन करते हुए डिस्क्लोजर करते रहे हैं और करते रहेंगे। अडाणी विल्मर लिमिटेड गौतम अडाणी की अडाणी एंटरप्राइजेज और सिंगापुर की विल्मर इंटरनेशनल लिमिटेडका जॉइंट वेंचर है।