मध्य प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव का आख़िरी चरण का मतदान 13 जुलाई को संपन्न हुआ। दो चरणों में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण (6 जुलाई) का रिजल्ट आज घोषित किया जा रहा हैं। साथ ही दूसरें चरण (13 जुलाई) का रिजल्ट 20 जुलाई को घोषित किया जायेगा। 

पहले चरण में करीब 44 जिलों के 11 नगर निगमों, 36 नगर पालिकाओं और 86 नगर परिषदों सहित 133 नगरीय निकायों के लिए काउंटिंग सुबह 9 बजे से शुरू हो गई हैं। आपको बता दें कि एमपी में 133 नगरीय निकायों के लिए 6 जुलाई को पहले चरण में मतदान हुए थे। जिसमें प्रदेश के 11 नगर निगमों में महापौर पद के लिए कुल 101 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। 

जबकि 133 नगर निकायों में पार्षद के 2,808 पदों के लिए 11,250 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इन 133 निकायों में पार्षद के कुल 2,808 पदों में से 42 पद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। लेकिन बाकी बचे हुए करीब सवा ग्यारह हजार उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज सुनाया जायेगा। 

सुबह से ही जहां एक और काउंटिंग पर नज़र रखने के लिए कांग्रेस ने बड़े नेताओं को जिम्मेदारी दी है और हर जिले में एक वरिष्ट नेता नज़र बनाये हुए है। तो वहीं बीजेपी ने भी काउंटिंग के लिए विशेष टीम तैयारी की है। बीजेपी ने एक दिन पहले ही जिला कमेटी की बैठक कर सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां देते हुए काउंटिंग की निगरानी करने के निर्देश दिए। फ़िलहाल सभी जगह काउंटिंग शुरू हो गई है।