MP Politics: मध्य प्रदेश में मौसम की तरह ही सियासी मिजाज़ भी काफी गर्म होता दिखाई दें रहा हैं. चुनावी साल में वार-पलटवार का दौर भी काफी चरम पर हैं. भले ही चुनावी समय अभी थोड़ा दूर हों, लेकिन कांग्रेस कर्नाटक की जीत के बाद से ही एमपी में भी सियासी जमीन तलाशने में जुट गई हैं.
यहीं वजह है कि कांग्रेस हर एक मुद्दे पर शिवराज सरकार को घेरने में लगी हुई है. हाल ही में कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट (MP Congress) से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पर्सनल ट्विटर अकाउंट पर डले एक वीडियो को रीट्वीट करते हुए सरकार पर निशाना साधा.
कांग्रेस ने वीडियो को रीट्वीट करते हुए कैप्शन में लिखा, आदरणीय मामाजी! अब आपकी जल्द ही चूल्हा फूंकने की तकलीफ खत्म होने वाली है क्योंकि कमलनाथ जी के मुख्यमंत्री बनते ही आपको भी 500 में गैस सिलेंडर मिलेगा.
बता दें कि ये वीडियो हाल ही में सीएम शिवराज ने अपनी शादी की सालगिरह पर पोस्ट किया था. जिसमें वह परिवार के साथ देशी खाने का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में कुछ महिलाएं चूल्हे पर खाना बनाती दिखाई दे रही हैं. तो वहीं, सीएम शिवराज की पत्नी साधना सिंह भी साइड में बैठी हुई हैं. अब कांग्रेस इस वीडियो के ज़रिये महंगाई के मुद्दे पर शिवराज सरकार को घेरने में जुट गई हैं.
कार्तिकेय सिंह का कांग्रेस पर पलटवार-
इस बीच कांग्रेस को करारा जवाब देने के लिए सीएम शिवराज के बेटे कार्तिकेय सिंह भी मैदान में उतर गए हैं. उन्होंने कांग्रेस के इस वार पर ट्विटर के ज़रिये ही पलटवार करते हुए लिखा, मेरी माँ 32 साल से पिताजी के पीछे उनकी ताकत बनकर खड़ी रही, सुख और दु:ख में उनका संबल बनीं, लेकिन कांग्रेस रिश्तों की पवित्रता, प्रेम, को नहीं समझती, वो हर बात में राजनीति देखती है.
आखिर करें भी क्यों ना, चरित्र शब्द की समझ कांग्रेस के नेताओं को कम है. जनता की सेवा पिताजी के लिए पहला कर्तव्य है. परिवार के लिए उन्हें समय कम ही मिलता है, और ऐसे कुछ पल वो कभी-कभी साझा करते हैं, लेकिन कितनी गिरी है कांग्रेसी सोच कि राजनैतिक फायदे के लिए उसे भी निशाना बना रही है. बजरंग बली मेरे माता-पिता के इन खूबसूरत पलों को बुरी नज़र से बचाये.