MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री से पहले प्री-मानसून बारिश हो रही है। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हुई। राजधानी भोपाल के कई इलाकों में दोपहर में जोरदार बारिश हुई। अशोकनगर शहरी और ग्रामीण इलाकों में करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। गुना में भी जमकर बारिश हुई।

प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते जबलपुर समेत 6 जिले रेड अलर्ट पर हैं। बारिश के साथ-साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान भी आ सकता है। इधर, मौसम विभाग ने किसानों को मानसून आने के बाद 4 इंच बारिश के बाद ही बुआई करने की सलाह दी है।

आईएमडी, भोपाल की वरिष्ठ वैज्ञानिक दिव्या ई. सुरेंद्रन ने कहा, राज्य में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। मजबूत लोकल सिस्टम के कारण कई जगहों पर आंधी के आसार हैं।

सोमवार को भोपाल-इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश हुई। वहीं, कई जिले ऐसे भी हैं जहां गर्मी का असर देखा गया। सतना का चित्रकूट सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के टॉप-10 गर्म शहरों में निवाड़ी, ग्वालियर, सतना, छतरपुर का बिजावर, खजुराहो, सिंगरौली, शिवपुरी, सीधी और शहडोल शामिल हैं। पृथ्वीपुर में 45.7 डिग्री, ग्वालियर में 45.1 डिग्री, सतना में 44.9 डिग्री, बिजावर में 44.8 डिग्री, खजुराहो में 44.4 डिग्री, सिंगरौली में 44 डिग्री, शिवपुरी में 43 डिग्री, सीधी में 42.8 डिग्री और शाह में 2.6 डिग्री दर्ज किया गया।