जी-20 के कृषि समूह की बैठक में विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों का प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में नीला गेहूँ, शुगर फ्रीआलू और बीज बैंक के रूप में हुए नवाचारों ने ध्यान आकर्षित किया है। हमारे किसानों द्वारा की गई यह पहल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात इंदौर में जी-20 देशों के कृषि समूह की बैठक के सन्दर्भ में जानकारी देते हुए कही। मुख्यमंत्री शिवराज ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौधे लगाने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि जी-20 देशों के कृषि समूह की बैठक में सम्मिलित होने के लिए देश के स्वच्छतम शहर इंदौर आये अतिथियों का भारतीय परम्परा के अनुसार स्वागत-सत्कार किया गया। हेरीटेज वॉक में अतिथियों ने हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सराहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने बताया कि मध्यप्रदेश गेहूँ निर्यात में पूरे देश में प्रथम है। साथ ही काले गेहूँ के निर्यात के बाद अब नीले रंग के गेहूँ का उत्पादन भी प्रदेश में शुरू हुआ है। बेकरी उत्पादों में काम आने वाले नीले गेहूँ की माँग दूसरे देशों से भी आ रही है, इसका पेटेंट भी करा लिया गया है।
सीएम ने बताया कि सिमरौल की सुश्री निशा पाटीदार ने विशेष प्रकार के शुगर फ्री आलू का उत्पादन आरंभ किया है। विलुप्त हो चुके मोटे अनाजों का बीज बैंक विकसित करने वाली डिण्डौरी की लाहरी बाई ने भी जी-20 सम्मेलन में अपना स्टॉल लगाया है। अन्न का यह बीज बैंक विदेशों से आए प्रतिनिधियों के आकर्षण का केन्द्र बन गया है। प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में नवाचार जारी हैं, इसमें भी हम रिकार्ड बनाएंगे।