भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में नये चेहरे जुड़े हैं। आज सुबह जारी केंद्रीय पदाधिकारियों की सूची में खास बात यह है कि तीन राज्यों में मुख्यमंत्री रहे नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया गया है, इनमें से दो चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ और राजस्थान हैं, यहां से रमन सिंह और वसुंधरा राजे सिंधिया को उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह छग व राजस्थान में मुख्यमंत्री चेहरा बनने के आकांक्षी दोनों नेताओं के लिये संकेत भी हो सकते हैं। वहीं मप्र नेता कैलाश विजयवर्गीय की जगह बरकरार रही है। कुल तेरह उपाध्यक्षों में उत्तर प्रदेश के एक पसमांदा मुसलमान तारिक मंसूर को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है।
माना जा रहा है कि नयी सूची में चार पांच महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों व इसके बाद लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कई समीकरणों का ध्यान रखा गया है। नड्डा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आठ राष्ट्रीय महामंत्री, एक राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन), एक राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक सह-कोषाध्यक्ष और 13 राष्ट्रीय सचिव के नामों का एलान किया गया है। हालांकि, नई सूची में ज्यादातर पदाधिकारियों को उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव के पद पर बरकरार रखा गया है।
भाजपा ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और सौदान सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा कैलाश विजयवर्गीय, अरुण सिंह और तरुण चुग को महामंत्री बनाया गया है। बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन), शिवप्रकाश (लखनऊ) को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, राजेश अग्रवाल (उत्तर प्रदेश) को कोषाध्यक्ष और नरेश बंसल (उत्तराखंड) को सह- कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने कुल आठ महामंत्री व तेरह सचिव नियुक्त किये हैं । सचिवों में मप्र से ओमप्रकाश धुर्वे का नाम है। जबकि मप्र में काम कर चुके अरविंद मेनन भी सचिव बने हैं। इसके अलावा मप्र के सौदान सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि सांसद सुधीर गुप्ता की भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में वापसी नहीं हुई है। वे पहले राष्ट्रीय संगठन में कोषाध्यक्ष की भूमिका में थे।