मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है। राजधानी भोपाल में देर रात गरज-चमक के साथ तेज पानी गिरा। वहीं नर्मदापुरम, मंडला, रीवा, नौगांव, सीधी, उमरिया, खंडवा, गुना, रतलाम, नरसिंहपुर, सागर, बैतूल, धार, उज्जैन समेत अन्य शहरों में भी गर्मी का असर रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक़ बुधवार को भोपाल, धार, रायसेन, विदिशा, इंदौर, खंडवा, खरगोन, देवास, आगर-मालवा समेत अन्य शहरों में चमक-गरज के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी।
इससे पहले मंगलवार को गर्मी के तीखे तेवर दिखे। खजुराहो में 43.5 और दमोह में 43.2 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में लगातार दूसरे दिन पारा 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 41.6, इंदौर में 38.3 और जबलपुर में 40.8 डिग्री रहा। प्रदेश के 23 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा।
जबलपुर में बदला स्कूलों का समय
गर्मी के चलते जबलपुर में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया। कलेक्टर के आदेश के बाद 19 अप्रैल से स्कूल सुबह 7 से दोपहर 12.30 बजे तक ही लगेंगे।