संघ प्रमुख ने बयान दिया है कि अब हर मस्जिद में शिवलिंग देखना गलत है।

भोपाल। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने बयान दिया है कि अब हर मस्जिद में शिवलिंग देखना गलत है। उनके इस बयान की आईएस नियाज खान ने तारीफ की है। आईएस खान ने इस मामले में ट्वीट करते हुए आरएसएस चीफ से कहा- आपके उच्च विचारों को सलाम।

आईएस अधिकारी नियाज खान अपने बेबाक विचारों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। वे इन दिनों संघ प्रमुख मोहन भागवत के विचारों से भी प्रभावित नजर आते हैं। मोहन भागवत के हालिया बयान की तारीफ में उन्होंने कशीदे पढ़ते हुए कहा कि वे उनके उच्च विचारों को सलाम करते हैं। 

दरअसल आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ने ज्ञानवापी मस्जिद पर छिड़े विवाद को लेकर अहम बयान दिया है। नागपुर में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हर मस्जिद में शिवलिंग क्यों देखना? वो भी एक पूजा ही है। जिन्‍होंने ये पूजा अपनाई, वे मुसलमान बाहर से संबंध नहीं रखते हैं। उनके और हमारे पूर्वज एक ही हैं। 

नियाज खान ने इसी बात पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया- 'आपके उच्च विचारों को सलाम करता हूं आदरणीय मोहन भागवत साहब। सभी भारतीयों के जींस एक जैसे हैं। हमारे पूर्वज भी एक ही थे। यहां सभी को अपने तरीके से पूजा करने की आजादी है। सबसे बड़ी बात यह है कि हिंदू और मुसलमानों के बीच प्रेम बरकरार रहना चाहिए। हम सब एक हैं।'

नियाज खान ने इससे पहले 29 अप्रैल को भी संघ प्रमुख द्वारा अमरावती के एक कार्यक्रम में दिए गए बयान का समर्थन करते हुए उनकी सराहना की थी। मोहन भागवत ने उस कार्यक्रम में कहा था कि हिंसा से किसी को कोई फायदा नहीं होता है। हमें सदैव अहिंसक और शांतिप्रिय होना चाहिए। इस पर नियाज खान ने ट्वीट किया था- 'मैं मोहन भागवत जी से सहमत हूं। उनका हर शब्द सत्य है। केवल प्रेम, भाईचारा और एकता ही भारत को एक मजबूत राष्ट्र बना सकती है।'