समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर अंतिम सांस ली। 82 वर्षीय मुलायम 26 सितंबर से यूरिनरी इंफेक्शन के चलते मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल पर मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी दी। 

मंगलवार को सैफई में राजकीय सम्मान के साथ मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके अलावा यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक रहेगा। ऑक्सीजन लेवल गिरने के कारण मुलायम सिंह यादव को 2 अक्टूबर को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। उन्हें बीपी के साथ ही यूरिन इंफेक्शन की भी शिकायत थी, जिसकी वजह से उन्हें बाद में वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने उनके साथ कई तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। पीएम ने लिखा- “मुलायम एक जमीनी नेता थे जो लोगों की समस्याओं को समझते थे। उन्होंने अपना जीवन लोकनायक जयप्रकाश और डॉ. लोहिया के विचारों को समर्पित कर दिया था। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।”

इसके अलावा पीएम ने लिखा- “जब मैं मुख्यमंत्री था तब मुलायम सिंह यादव जी से मेरी कई बातचीत होती रहती थी। हमारे बीच घनिष्ठ संबंध बना रहा और मैं हमेशा उनके विचारों की प्रतीक्षा करता रहा। मुलायम जी के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

पीएम ने आगे लिखा- “मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई श्री मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।”