धरतीपुत्र कहे जाने वाले यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया हैं. मुलायम सिंह का आज दोपहर उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार किया गया. बेटे अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी.

उनके पार्थिव शरीर को सुबह 10 बजे से अंतिम दर्शन के लिए सैफई मेला मैदान के पंडाल में रखा गया था. मुलायम सिंह के पार्थिव शरीर को समाजवादी पार्टी के झंडे में लपेटा गया और अंतिम संस्कार के लिए लाया गया. आज दोपहर में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. 

हजारों की भीड़ ने 'नेताजी' को दी विदाई-

हजारों लोगों की भीड़ ने अपने नेता मुलायम सिंह यादव को अंतिम विदाई दी. इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रिलायंस ग्रुप के अनिल अंबानी, योग गुरु बाबा रामदेव, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के प्रमोद तिवारी, शरद पवार, सुप्रिया सुले, कमलनाथ, भूपेश बघेल, हेमंत सोरेन, आजम खान, प्रफुल्ल पटेल समेत सभी पार्टियों के नेताओं, और अभिषेक बच्चन समेत कई दिग्गजों ने मुलायम सिंह को अंतिम विदाई दी.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी. मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया था. उन्होंने 82 साल की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली. फ़िलहाल कई कार्यकर्ता अभी भी मौके पर मौजूद हैं.