सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार को मेंदान्ता अस्पताल में निधन हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री व मैनपुरी से सांसद मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता पिछले 15 दिनों से गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती थी। उन्हें ब्लड प्रेशर शुगर और फेफड़ों में इन्फेक्शन की परेशानी थी, जिसकी वजह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। वो कई दिनों से वेंटिलेटर पर थी। दिल्ली से चार्टेड विमान के जरिए उनका पार्थिव शरीर लखनऊ ले जाया जा रहा है। जहां परिवार के बाकी सदस्य भी मौजूद रहेंगे।  

इससे पहले वो लखनऊ के मेदांता अस्पताल में थी लेकिन जब उनकी हालत खराब होने लगी तो उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए गुड़गांव लाया गया था। मुलायम सिंह यादव भी लगातार उनका हालचाल ले रहे थे। मुलायम सिंह यादव ने आज सुबह भी पत्नी का हाल लेने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई थी। 

साधना गुप्ता, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थी। वो औरैया के विधूना की रहने वाली थीं। साल 1980 में पहली बार उनकी मुलायम सिंह यादव से मुलाकात हुई थी। साधना गुप्ता की भी पहले शादी हो चुकी थी लेकिन पति के साथ ज्यादा दिन नहीं बनी और चार साल बाद ही उनका तलाक हो गया था। जिसके बाद साधना गुप्ता और मुलायम सिंह ने शादी कर ली थी। साधना गुप्ता मुलायम सिंह से 20 साल छोटीं थीं।