दिल्ली के मुंडका इलाके में शुक्रवार शाम एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। जानकारी के अनुसार, हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई। अब तक 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इस घटना में दो दमकलकर्मियों की भी मौत हो गई। कई लोग अभी भी इमारत में फंसे हुए हैं, साथ ही कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन उनकी तलाश में लगा हुआ है। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर आग बुझाने पहुची थी, आग पर काबू पा लिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर दुःख जताया है। देर रात आग पर काबू पा लिया गया लेकिन मलवे में लापता लोगों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई है। इमारत में कई कंपनियों के ऑफिस और कारखाने है। आग लगने के बाद से इन कार्यालयों में काम करने वाले कई लोग इमारत में फंस गए थे। हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ़ से जारी एक ट्वीट में दी गई है।
बचाव कार्य जारी-

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। बचावकर्मियों ने एक इमारत में फंसे करीब 60 लोगों को बचाया। इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था। लेकिन अभी घटना के कारणों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हों पाई है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल पाएगा। दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरीश गोयल और वरुण गोयल को गिरफ्तार कर, पूछताछ शुरू कर दी है।
एनडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात-
मौके पर एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई है। दमकल विभाग के साथ-साथ आपदा राहत दल भी राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है।
स्थानीय अधिकारी ने दी यह जानकारी-
दिल्ली पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने बताया कि बीती देर रात हुए इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। हम शवों की पहचान के लिए फोरेंसिक टीम की मदद लेंगे। कई लोगों के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमने कंपनी के मालिकों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी और शव निकाले जाने की आशंका है क्योंकि बचाव कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है।
मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश -
इस घटना पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुंडका स्थित इमारत में लगी आग का हादसा बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला है। हमने खुद मौक़े पर पहुँचकर अधिकारियों से रिपोर्ट ली। हादसे की मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हज़ार का मुआवज़ा केजरीवाल सरकार की तरफ़ से दिया जाएगा।